
नितिन दीक्षित, भारत संवाद, इटावा
भरथना: थाना क्षेत्र के गांव मोढ़ी में बीते बुधवार की देर शाम लगभग साढ़े सात बजे गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। गांव में खेतों पर पानी लगा रहे एक रिटायर्ड पीडब्ल्यूडी अधिकारी के ऊपर अज्ञात हमलावरों ने गोली चला दी। गोली सीने में बाएं ओर जा लगी। जिससे पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भरथना पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार देने के बाद घायल को सैफई पीजीआई रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोढ़ी गांव के 72 वर्षीय रिटायर्ड पीडब्ल्यूडी अधिकारी ओमप्रकाश पुत्र गोविंद प्रसाद देर शाम अपने खेतों में पानी लगा रहे थे। तभी अज्ञात हमलावरों ने फायर कर दी। जिससे गोली सीने में बाएं तरफ जा लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन खेतों की तरफ दौड़ पड़े। जिसके बाद स्थानीय पुलिस को उक्त घटना की सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरथना पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार देने के बाद घायल को सैफई पीजीआई रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही एसपी ग्रामीण सत्यपाल सिंह तथा भरथना पुलिस क्षेत्राधिकारी अतुल प्रधान भारी पुलिस बल के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे जहां घटना की जानकारी लेने के बाद घायल को सैफई पीजीआई रेफर किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।