
रामनवमी पर ऐतिहासिक शोभायात्रा का आयोजन राम भक्तों का हज़ारों की संख्या में उमड़ा जनसैलाब
यह सदी हिंदू जागरण की सदी है: मंगलेश सोनी
रिपोर्ट सुधीर बैसवार
सनावद / रामनवमी महोत्सव हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया और नगर में ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली गई। विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के तत्वावधान में नगर के माता चौक बसस्टेंड पर भगवान श्रीराम की आरती एवं हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ के पश्चात भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा में नगर एवं आसपास के ग्रामों के हजारों राम भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा के पूर्व मंचासीन विश्व हिंदू परिषद के प्रांत साप्ताहिक मिलन प्रमुख मंगलेश सोनी ने अपने ओजस्वी संबोधन में सकल हिंदू समाज से एकजुट होकर सनातन धर्म की रक्षा का आव्हान किया।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने अपने पराक्रम से अधर्म को पराजित कर धर्म की स्थापना की थी। भगवान श्रीराम का शौर्य आज भी युवाओं को धर्म रक्षा की प्रेरणा प्रदान करता है। भगवान श्रीराम भारत की आत्मा हैं, हमारे प्राण हैं। हम सौभाग्यशाली हैं जो सनातन धर्म में हमारा जन्म हुआ है।
पांच सौ साल के लंबे संघर्ष और बलिदानों के बाद राम लला अयोध्या में विराजे हैं।यह समय हिंदू समाज के जागरण का समय है। यह सदी हिंदू जागरण की सदी है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण भारत का नवनिर्माण है। राम काज में जब विघ्न आते हैं तो भक्त हनुमान सब विघ्नों का नाश करते हैं।
नजरनिहाल आश्रम के प्रमुख परमपूज्य नर्मदानंद जी महाराज ने कहा कि भगवान श्रीराम ने मर्यादा की स्थापना की।धरती पर अवतार लेकर असुरों का संहार किया। भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर सनातन धर्म की रक्षा करें।
वात्सल्य धाम की संचालिका पूज्य साध्वी साक्षी चेतना दीदी ने भी सकल हिंदू समाज की नारी शक्ति से सनातन धर्म एवं संस्कृति की रक्षा का आव्हान किया। शोभायात्रा में नगर और आसपास के ग्रामों के हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा के दौरान भगवान श्रीराम की नयनाभिराम झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
भगवान श्रीराम,माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की का सुंदर रूप धारण कर बच्चों ने सबका मन मोह लिया। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों और चौराहों से गुजरी। सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के साथ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सुंदर मंच लगाकर जगह- जगह शोभायात्रा का पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया।
बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बालिकाएं पीत वस्त्र धारण कर शोभायात्रा में चल रही थीं। समूचा नगर भगवान राम की भक्ति से सराबोर नजर आया और वातावरण भगवान श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
मोरटक्का चौराहे पर विधायक सचिन बिरला एवं भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष मानसिंह राठौर,अनिल अजमेरा, लक्ष्मीनारायण पटेल,ज्योति येवतीकर,गंगाभारती शर्मा द्वारा शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। माता चौक बस स्टेंड पर नपाध्यक्ष प्रतिनिधि इंदर बिर्ला ने पार्षद साथियों एवं नपा कर्मियों के साथ शोभायात्रा पर पुष्पवर्षा की।
शोभायात्रा के दौरान नगर की व्यायामशालाओं और अखाड़ों के खलीफाओं का साफा बांधकर आत्मीय अभिनंदन किया गया। अखाड़ों के नन्हे-मुन्ने बालकों, युवाओं ने साहसिक करतबों का प्रदर्शन किया। बालिका सिया प्रजापत ने लाठी चालन का साहसिक प्रदर्शन किया और नारी शक्ति का परिचय दिया। सुभाष चौक पर जय श्री गणेश मंडल द्वारा शोभायात्रा में शामिल भक्तों का स्वागत किया गया।
शोभायात्रा के दौरान विहिप बजरंग दल के रवि गुजर, दिलीप सकरोदिया,जितेंद्र राठौर,राजा चौरसिया,धर्मेंद्र मसंद,धर्मेंद्रसिंह पंवार,नितिन करड़क,दीपक योगी,राजेंद्र ठाकुर,अमित यादव,आशीष टांक,उमा बेसवार,अशोक राव व्यवस्था संभाल रहे थे। पुलिस प्रशासन एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सुरक्षा एवं यातायात नियंत्रण के पुख्ता प्रबंध किए गए थे।शोभायात्रा के पीछे नगरपालिका के सफाई मित्र सफाई करते हुए चल रहे थे।