रामनवमी पर्व की भव्य धूम, नगर के राम मंदिरों में हुआ पूजन व महाआरती का आयोजन
बड़वाह कुलदीप सिंह अरोरा
बड़वाह। रामनवमी के पावन अवसर पर रविवार को नगर सहित ग्रामीण अंचलों में भक्ति और श्रद्धा की सरिता प्रवाहित हुई। नगर के समस्त राम मंदिरों में श्रद्धालुओं की उपस्थिति में भव्य पूजन, रामायण पाठ, महाआरती और प्रसादी वितरण जैसे धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन बड़े ही श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया।
नगर के नागेश्वर स्थित गोपाल मंदिर, प्राचीन श्रीराम मंदिर, आनंदेश्वर मंदिर, रामघाट स्थित तपोवन सुंदरधाम आश्रम सहित कई मंदिरों में प्रातःकाल से ही धार्मिक अनुष्ठान आरंभ हो गए। सुभाष मार्ग स्थित बाविसा ब्राह्मण समाज के प्राचीन श्रीराम मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ ब्राह्मणों द्वारा श्रीराम का अभिषेक एवं पूजन किया गया। इस अवसर पर सर्व ब्राह्मण समाज अध्यक्ष श्री राजेंद्र जोशी समेत बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
गोपाल मंदिर में महामंडलेश्वर हनुमानदास जी महाराज ने विधिवत महाआरती संपन्न करवाई, जिसमें श्रद्धालुओं को 56 भोग का दर्शन एवं प्रसाद लाभ प्राप्त हुआ। आनंदेश्वर मंदिर में आनंदेश्वर मानस मंडल द्वारा संगीतमय रामायण पाठ के उपरांत महाआरती की गई, जिसमें 11 किलो प्रसादी का वितरण हुआ। नगर पालिका अध्यक्ष श्री राकेश गुप्ता भी महाआरती में सम्मिलित होकर श्रद्धा अर्पित की।
हरिओम आश्रम में श्रीराम जन्मोत्सव की खुशी में विशेष महाआरती के पश्चात कन्याभोज का आयोजन किया गया। दोपहर 12 बजे सभी प्रमुख राम मंदिरों में एक साथ महाआरती की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
इस प्रकार बड़वाह नगर राममय वातावरण में डूबा रहा और संपूर्ण नगर भक्ति-भाव और उल्लास से परिपूर्ण नजर आया।