
खंडवा में सांसद खेल महोत्सव की तैयारियां शुरू 21 सितंबर से 25 दिसंबर तक, 30 हजार खिलाड़ियों की होगी सहभागिता।
बड़वाह कुलदीप सिंह अरोरा
खंडवा में सांसद खेल महोत्सव की तैयारियां शुरू
21 सितंबर से 25 दिसंबर तक, 30 हजार खिलाड़ियों की होगी सहभागिता।
बड़वाह। खंडवा में सांसद खेल महोत्सव की तैयारियां पूरे जोरों पर हैं। यह महोत्सव 21 सितंबर से प्रारंभ होकर पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती, 25 दिसंबर तक चलेगा।
शासकीय सांदीपनी स्कूल एवं निर्मल विद्यापीठ स्कूल बड़वाह में शुक्रवार से पंजीयन प्रक्रिया शुरू हो गई है। क्षेत्रीय विधायक सचिन बिरला ने जानकारी दी कि महोत्सव में 10 से अधिक खेल प्रतियोगिताएं होंगी। इसमें खिलाड़ी पंचायत स्तर से लेकर वार्ड, विधानसभा और लोकसभा स्तर तक स्पर्धाओं में भाग लेंगे।
विधायक सचिन बिरला ने कहा स्वस्थ रहने के लिए खेल और व्यायाम जरूरी है खेल प्रतियोगिता में भाग लेने से आत्मविश्वास बढ़ता है विधायक ने अधिक से अधिक संख्या में बच्चों को खेल महोत्सव में भाग लेने का आव्हान किया।
लोकसभा कॉर्डिनेटर जितेंद्र सुराणा ने बताया कि अब तक 5 हजार से अधिक प्रतिभागी पंजीयन करवा चुके हैं। खंडवा लोकसभा क्षेत्र से लगभग 30 हजार खिलाड़ियों के जुड़ने की संभावना है। वहीं, विधानसभा कॉर्डिनेटर श्याम माहेश्वरी ने बताया कि बड़वाह विधानसभा क्षेत्र को बड़वाह, सनावद, बेड़िया और काटकूट — इन चार जोनों में विभाजित किया गया है।
महोत्सव में कुश्ती, कबड्डी, कैरम, क्रिकेट, खो-खो, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, शतरंज और दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके साथ ही मैराथन का भी आयोजन किया जाएगा। खास बात यह है कि प्रतियोगिताओं में केवल खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि पत्रकार, व्यापारी, अधिकारी, डॉक्टर और समाजसेवी भी भाग ले सकेंगे।
सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने छात्र-छात्राओं सहित सभी खेल प्रेमियों से इस महोत्सव में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया है। प्रतिभागी QR कोड या जारी किए गए लिंक के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।