
बड़वाह में धूमधाम से मनाया गया जन्माष्टमी पर्व
बड़वाह कुलदीप सिंह अरोरा
बड़वाह में धूमधाम से मना जन्माष्टमी पर्व
बड़वाह – नगर में शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिरों और घरों में बालगोपाल के स्वागत हेतु आकर्षक सजावट की गई। विद्युत झालरों और फूलों से सजे मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी।
मध्यरात्रि 12 बजे जैसे ही जन्मोत्सव का शुभ क्षण आया, बालकृष्ण का पंचामृत से अभिषेक किया गया और पालना झुलाया गया। नगर के प्रमुख श्री नागेश्वर मंदिर स्थित गोपाल मंदिर में महंत हनुमानदास जी महाराज की उपस्थिति में भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। मंदिर परिसर में भगवान श्रीकृष्ण की अद्भुत झांकियां सजाई गईं, जिनके दर्शन के लिए श्रद्धालु देर रात तक जुटे रहे।
शाम से ही महिलाएं और पुरुष मंदिरों में दर्शन हेतु पहुंचने लगे थे। जैसे-जैसे रात गहराती गई, भक्तों की संख्या बढ़ती गई। भजन-कीर्तन और संध्या का आयोजन भक्तिमय वातावरण में हुआ। ठीक 12 बजे महाआरती संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित हुए।
सत्ती घाटा स्थित राधाकृष्ण मंदिर में भी भजन संध्या और झांकी सजाकर भक्तों ने बालकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया। वहीं तिलक मार्ग स्थित सत्यनारायण मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सभी मंदिरों में बालकृष्ण का अभिषेक कर प्रसादी वितरण किया गया।
नगर के अन्य मंदिरों और आश्रमों में भी रातभर भक्ति-भाव का माहौल रहा। हर ओर “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से वातावरण गुंजायमान होता रहा।