
सिवनी / कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन ने महिला एवं बाल विकास विभाग अधिकारियों की बैठक लेकर पोषण ट्रेकर एप के साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग की विभागीय गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने विगत माह में महिला एवं बाल विकास विभाग के सुपरवाइजर एवं सीडीपीओ द्वारा किये गए आंगनवाडी केन्द्रों के निरीक्षण की अनुभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निरीक्षण गतिविधियां बढाने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने आंगनवाडी केन्द्रों में ग्राम के शतप्रतिशत पात्र बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ ही मीनू अनुरूप नियत पोषण आहार की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं।कलेक्टर द्वारा विगत बैठक में दिये गए निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के चिन्हांकन के अंतर को दूर करने के लिए चलाए गए डोर टू डोर सर्वे अभियान की समीक्षा कर दोनों विभाग के अधिकारियों को सतत रूप से अभियान चलाकर शतप्रतिशत बच्चों एवं महिलाओं का चिन्हांकन करने के निर्देश दिये गए हैं। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा महिला एवं बाल विकास विभाग का मैदानी अमला उपस्थित था।