Uncategorized

भाजपा नेता की कार से 5 करोड़ की एमडी-ड्रग मिली:आगर में ड्रग्स बनाने की मशीनें बरामद, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष के लेनदेन के ट्रांजैक्शन मिले

आगर-मालवा पुलिस ने शुक्रवार को बड़ौद मार्ग पर दो वाहनों से 9.250 किलो केटामाइन और 6 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की है। इसके अलावा 12.100 किलो अमोनियम क्लोराइड पाउडर और 35 लीटर आइसोप्रोपाइल अल्कोहल भी जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 5 करोड़ 7 लाख रुपए आंकी गई है।विशेषज्ञों के मुताबिक, एक किलो केटामाइन से 10 किलो एमडी ड्रग्स बनाई जा सकती है। इसमें अमोनियम क्लोराइड और स्प्रिट का इस्तेमाल होता है। पुलिस को आशंका है कि यहां फैक्ट्री स्तर पर एमडी ड्रग्स का उत्पादन हो रहा था।

मुख्य आरोपी भाजपा नेता फरार, दो लोग पकड़ाए

पुलिस ने ईश्वर मालवीय और दौलत सिंह आंजना नाम के आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी भाजपा तनोडिया मंडल उपाध्यक्ष राहुल आंजना फरार है। पुलिस ने उसके घर से कई संदिग्ध दस्तावेज भी बरामद किए हैं।जांच में राहुल आंजना के पिछले दो साल के मोबाइल डेटा और बैंक लेनदेन से कई अहम सुराग मिले हैं। इनसे बड़े सप्लायर और खरीदारों के बीच सौदों की जानकारी सामने आई है। पुलिस को उसके खातों में बेहिसाब रकम के लेनदेन और संदिग्ध ट्रांजैक्शन भी मिले हैं।

राजनीतिक संरक्षण के लगे आरोप

राहुल आंजना पूर्व में भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष रह चुका है और वर्तमान में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष और ग्राम पंचायत का सरपंच प्रतिनिधि भी है। कार्रवाई के बाद उसके बड़े नेताओं के साथ खिंचवाए गए फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय लक्ष्मी तंवर ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि “राजनीतिक संरक्षण के चलते ही यह कारोबार फल-फूल रहा था।”इस मामले में पुलिस ने आरोपियों पर स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम 1985 की धारा 8 और 22 के तहत केस दर्ज किया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ हो रही है। पुलिस का कहना है कि डिजिटल सबूतों से और बड़े नाम सामने आ सकते हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष बोले- कानून सबके लिए एक है

भाजपा जिलाध्यक्ष ओम मालवीय ने कहा कि “भाजपा सरकार में कोई भी अपराधी बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह किसी भी दल का क्यों न हो। कानून अपना काम कड़ाई से कर रहा है।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!