
स्वतंत्रता सेनानी व समाजसेवी पुरुषोत्तम दास पुरोहित की स्मृति में डाक टिकट जारी मुंबई के यशवंतराव सभागार में भव्य विमोचन समारोह, महामहिम राज्यपाल सहित कई गणमान्य उपस्थित
- सुमेरपुर।पाली जिले की सुमेरपुर तहसील के बसंत गांव से मुंबई आकर समाजसेवा, शिक्षा, संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम में अतुलनीय योगदान देने वाले स्व. पुरुषोत्तम दास पुरोहित की स्मृति में भारत सरकार के डाक विभाग द्वारा जारी स्मृति डाक टिकट का भव्य विमोचन समारोह यशवंतराव सभागार, मुंबई में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर राजस्थान के महामहिम राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, पूर्व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री व राज्यसभा सांसद डॉ. भागवत कराड, महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री राज के पुरोहित, कांग्रेस के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष भंवरसिंह राजपुरोहित, पोस्ट मास्टर जनरल सुचिता जोशी, तथा पी.एच. पुरोहित चैरिटेबल ट्रस्ट के न्यासी विनोद पुरोहित, घनश्याम पुरोहित, जगदीश पुरोहित, मनीष पुरोहित और सनम पुरोहित मंच पर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महामहिम राज्यपाल बागड़े ने कहा कि, “यह डाक टिकट पुरुषोत्तमदास पुरोहित जी के जीवन मूल्यों, सामाजिक प्रतिबद्धता, शिक्षा के प्रचार-प्रसार और सांस्कृतिक जागरूकता के प्रति उनके योगदान को अमर बनाने का एक माध्यम है। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है।”
विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने अपने संबोधन में कहा, “पुरुषोत्तम दास जी ने स्वतंत्रता संग्राम में ‘आजाद हिन्द फौज’ के लिए विदेश में रहकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस को सहयोग प्रदान किया। उनके सम्मान में कालबादेवी में एक सड़क का नाम ‘पुरुषोत्तम दास मार्ग’ रखा गया है।”
डॉ. भागवत कराड ने कहा, “उन्होंने मुंबई में न केवल शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्य किया, बल्कि प्रवासी समाज को रोजगार से जोड़ने में भी उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही है।”
राज के पुरोहित ने भावुक होकर कहा, “आज जो कुछ भी मैं हूं, उसका श्रेय पुरुषोत्तमदास जी के मार्गदर्शन और संरक्षण को जाता है। वे सैकड़ों प्रवासी मारवाड़ियों के लिए अभिभावक समान थे।”
कार्यक्रम के अंत में पूर्व प्रधान पृथ्वीराज पुरोहित ने अपने पिता पुरुषोत्तम दास जी के जीवन और मूल्यों को स्मरण करते हुए सभी अतिथियों और भारत सरकार का आभार व्यक्त किया।
इस ऐतिहासिक अवसर पर मारवाड़ क्षेत्र के प्रमुख भामाशाह नरेश पुरोहित (खींदारा), दिलीप राजपुरोहित, हिम्मत सिंह चाचौड़ी, डॉ. शोभा पुरोहित, राधा पुरोहित, अजय राज, बाबू सिंह राजगुरु, लाभ शंकर (लादू नगर), जगदीश सिंह (घेनड़ी), प्रकाश सिंह (बारवा), नितेश सिंह (ढोला) सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जगदीश पुरोहित, न्यासी
पी.एच. पुरोहित चैरिटेबल ट्रस्ट, बसंत (मुंबई)