
राष्ट्रीय ध्वज संहिता का पालन करते हुए तिरंगा यात्रा निकालें – कलेक्टर सुश्री बाफना विभागीय समन्वय एवं समयसीमा पत्रों की समीक्षा बैठक संपन्न
12 अगस्त 2025
ब्यूरो किशोर सिंह राजपूत 9981757273
शाजापुर। हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता-स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग अभियान एवं 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के निर्देश कलेक्टर ऋजु बाफना ने सोमवार को विभागीय समन्वय एवं समयसीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में सभी अधिकारियों को दिये।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिये कि अपने-अपने क्षेत्र में राष्ट्रीय ध्वज संहिता का पालन करते हुए हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा यात्रा/रैली, अमृत सरोवर व डगपोण्ड पर झण्डा लगाने, सेल्फी पाईंट बनाकर सेल्फी अपलोड करने सहित अन्य गतिविधियां आयोजित करें। साथ ही उन्होंने स्वच्छता अभियान भी संचालित करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, वाद-विवाद, मानव श्रृंखलाएं, साइकल रैली, बाइक रैली, रंगोली, सेना एवं पुलिस जवानों के लिए पत्र लेखन आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन करने के निर्देश दिये। इस दौरान कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस की आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये। कलेक्टर ने जिला मुख्यालय पर 14 अगस्त को प्रातः 9 बजे निकाली जाने वाली विशाल तिरंगा यात्रा की आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। साथ ही उन्होंने निर्देश दिये कि निकाली जाने वाली तिरंगा यात्रा क्रम निर्धारित कर तिरंगा यात्रा में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि शासकीय एवं अशासकीय सेवक, खिलाड़ी, विद्यार्थी, समाजसेवी, व्यापारी सहित विद्यार्थी आदि शामिल करें। इस अवसर पर अपर कलेक्टर बीएस सोलंकी, अनुविभागीय अधिकारी शुजालपुर अर्चना कुमारी, शाजापुर मनीषा वास्कले, डिप्टी कलेक्टर राजकुमार हलदर, नेहा गंगारे, आलोक वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
यहां से निकलेगी तिरंगा यात्रा
उक्त तिरंगा यात्रा स्टेडियम प्रांगण से प्रारंभ होकर ट्रॉफिक चौराहा, नई सड़क, आजाद चौक, सोमवारिया, टेंशन चौराहा होते हुए बस स्टेण्ड पर समाप्त होगी। इस दौरान कलेक्टर ने स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित करने, शपथ दिलाने सहित अन्य निर्देश भी दिये। कलेक्टर सुश्री बाफना ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के तहत प्राप्त हुई शिकायतों के निराकरण की समीक्षा में शिकायतों को संतुष्टि के साथ निराकृत करने के निर्देश दिये।