
ब्यूरो किशोर सिंह राजपूत 9981757273
शाजापुर, .प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर (सालसा) के निर्देशानुसार आज प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शाजापुर श्री आनंद कुमार तिवारी के द्वारा जिला जेल शाजापुर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से जिला विधिक सहायता अधिकारी श्रीमती शिखा शर्मा उपस्थित थी।
जेल निरीक्षण के दौरान प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष श्री आनंद कुमार तिवारी ने प्रत्येक बैरक में जाकर पुरूष एवं महिला बंदियों को दी जा रही सुविधाओं का अवलोकन किया तथा जेलबंदियों से जेल प्रशासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं जैसे-भोजन, पेयजल, वस्त्र, मनोरंजन के साधन एवं साफ-सफाई के बारे में चर्चा की। इसके अतिरिक्त जेलबंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता के माध्यम से अधिवक्ता उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी। जेल परिसर में स्थित खाद्यान्न कक्ष का भी निरीक्षण किया, जिसमें रखी हुई खाद्यान्न जैसे-दाल, आटा, मसाले व अन्य खाद्य पदार्थों का अवलोकन किया। प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष द्वारा जेल प्रशासन को जेल में स्थापित शौचालय, स्नानागार, जेल परिसर एवं बैरक की नियमित रूप से साफ-सफाई करने एवं जेल में निरूद्ध जेल बंदियों को दिये जा रहे भोजन की गुणवत्ता में सुधार करने तथा शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। जेल में उपस्थित महिला बंदियों से भी चर्चा कर उनके लंबित प्रकरणों की स्थिति जानी एवं महिला बैरक में निरूद्ध महिला बंदियों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। जेल निरीक्षण के दौरान जेल में 117 पुरूष एवं 08 महिला बंदी निरूद्ध होना पाए गए तथा कोई भी गर्भवती महिला नहीं पाई गई। निरीक्षण के दौरान बंदियों ने अपनी समस्याएं प्रधान जिला न्यायाधीश को बताई, जिसका उचित निराकरण करने के लिए संबंधित जेल प्रशासन के अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इस अवसर पर जेल अधीक्षक श्री दुष्यंत कुमार पगारे एवं उप जेल अधीक्षक श्री सुनील मंडलेकर सहित जेल प्रहरीगण मौजूद थे।