
सिवनी / कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन के निर्देशानुसार जिले में यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सिवनी बस स्टैंड परिसर एवं सभी बसों में किराया सूची जिला परिवहन विभाग द्वारा चस्पा कर दी गई है। इसके साथ ही किसी भी तरह की अनियमितता या अधिक किराया वसूलने की स्थिति में यात्री तुरंत शिकायत कर सकें, इसके लिए विभाग ने शिकायत हेतु संपर्क नंबर भी जारी किया है।
जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि इस व्यवस्था से यात्रियों को विभिन्न गंतव्यों तक की बसों के सही किराए की जानकारी आसानी से उपलब्ध होगी। वहीं, मनमाने ढंग से अधिक किराया वसूलने वालों पर भी रोक लग सकेगी। यदि कोई बस संचालक तय किराए से अधिक राशि वसूलता है, तो यात्री सीधे जारी किए गए नंबर 7974522166 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
यात्रियों का कहना है कि लंबे समय से उन्हें बस किराए की सटीक जानकारी नहीं मिलती थी, जिससे विवाद और परेशानी की स्थिति बन जाती थी। अब सूची चस्पा होने और शिकायत नंबर जारी होने से उन्हें पारदर्शिता और सुविधा दोनों मिलेगी।