Uncategorized

ओंकारेश्वर में”बोल बम” के जयघोष से गूंजी नर्मदा नगरी: माहिष्मती कावड़ यात्रा आस्था और भक्ति के साथ संपन्न, विधायक राजकुमार मेव ने जताया आभार।

बड़वा से कुलदीप सिंह अरोरा

 

ओंकारेश्वर में”बोल बम” के जयघोष से गूंजी नर्मदा नगरी:

माहिष्मती कावड़ यात्रा आस्था और भक्ति के साथ संपन्न, विधायक राजकुमार मेव ने जताया आभार।

बड़वाह : महेश्वर से ओंकारेश्वर तक निकाली गई ऐतिहासिक माहिष्मती कावड़ यात्रा, जो 26 जुलाई को प्रारंभ हुई थी, 28 जुलाई को आस्था और उत्साह के साथ संपन्न हो गई। इस तीन दिवसीय धार्मिक यात्रा में महेश्वर विधानसभा क्षेत्र के हजारों शिवभक्तों ने हिस्सा लिया, जिन्होंने “बोल बम” के जयघोष से नर्मदा नदी के किनारे बसी देवी अहिल्या माँ और बाबा भोलेनाथ की नगरी ओंकारेश्वर को भक्तिमय बना दिया।
*जनसैलाब ने किया स्वागत, विधायक मेव ने किया जलाभिषेक*

 

यात्रा के दौरान, कावड़ यात्रियों का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया, जिससे उनका उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया। 28 जुलाई को ओंकारेश्वर पहुंचने पर, स्वयं विधायक राजकुमार मेव ने अपने दोनों पुत्रों, युवराज मेव और यशराज मेव, तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ बाबा ओंकारेश्वर और ममलेश्वर का जलाभिषेक किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस पूरी यात्रा में, विधायक मेव के साथ उनकी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात अंग रक्षक और सुरक्षा अधिकारी भी महेश्वर से ओंकारेश्वर तक पूरे समय पैदल चलकर उनके साथ रहे, जो उनकी सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे थे।

 

*”बाबा पर विश्वास रखने वालों के बिगड़े काम बनते हैं”: विधायक राजकुमार मेव*
पत्रकारों से बातचीत में विधायक राजकुमार मेव ने अपनी अटूट आस्था व्यक्त करते हुए कहा, “जो बाबा पर विश्वास रखते हैं, उनकी बाबा हमेशा सुनते हैं। बाबा भोलेनाथ पर आस्था रखें, सारे बिगड़े कार्य वही पूर्ण करेंगे।” उन्होंने धर्म के प्रति लोगों को जागरूक करने की महत्ता पर जोर दिया और बताया कि इस कावड़ यात्रा में विधानसभा के हजारों कावड़ यात्री शामिल हुए। यात्रा के दौरान, बड़वाह विधायक सचिन बिर्ला, बड़वाह नगर पालिका अध्यक्ष राकेश गुप्ता , मान्धाता विधायक नारायण पटेल और भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी विभिन्न स्थानों पर कावड़ यात्रियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।

 

विधायक मेव ने भोलेनाथ की महिमा का बखान करते हुए कहा, “बाबा के दरबार में, उनके चरणों में जिसने भोले को पकड़ लिया, उसके जीवन में कोई कमी नहीं रहती है, सब काम बन जाते हैं।” उन्होंने अपनी व्यक्तिगत श्रद्धा साझा करते हुए यह भी कहा कि वह चाहते हैं कि जिस श्रद्धा से उन्हें बाबा का आशीर्वाद प्राप्त हुआ है, वह सभी शिव भक्तों को मिले।
*अद्भुत संयोग*

विधायक ने यात्रा से जुड़ा एक अद्भुत और सुखद संयोग भी साझा किया। उन्होंने बताया कि जैसे ही उनकी यात्रा प्रारंभ हुई और टाटमंबरी सरकार ने कावड़ रखी, बारिश शुरू हो गई और तब से लगातार वर्षा हो रही है। उन्होंने इसे भोलेनाथ का किसानों के प्रति आशीर्वाद बताते हुए कहा कि किसानों को जिसकी सबसे ज्यादा आवश्यकता थी, भोलेनाथ ने उनकी मनोकामना पूरी की और वर्षा कर दी। विधायक ने विश्व शांति और जन कल्याण के लिए भी बाबा से प्रार्थना की।
“राष्ट्र साधना के सौ वर्ष को समर्पित सोलहवें बरस की ऐतिहासिक विशाल पैदल कावड़ यात्रा” में विधायक राजकुमार मेव के साथ उनके बड़े पुत्र युवराज मेव, छोटे बेटे यशराज मेव भी नंगे पैर पूरे समय चले। इन युवाओं के पैर के छालों को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि भगवान भोलेनाथ के प्रति इन युवाओं की आस्था कितनी होगी।।
*विशाल जनभागीदारी और आभार व्यक्त*
यात्रा संपन्न होने के बाद, यात्रा संयोजक विधायक राजकुमार मेव ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “मन समर्पित, तन समर्पित और यह जीवन समर्पित, चाहता हूं मातृ-भू तुझको, अभी कुछ और भी दूं!” उन्होंने पूज्य संतजनों, आदरणीय अतिथियों, सभी कावड़िया माता-बहनों, बंधुओं, युवाओं, निःस्वार्थ सेवा-सहयोग देने वाले सभी कर्मठ प्रभारियों, कार्यकर्ताओं, जागरूक पत्रकार बंधुओं, जनसेवा हेतु सेवारत पुलिस और प्रशासनिक विभाग तथा प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से आशीर्वाद बरसाने वाले सभी आत्मीय अपनों का हृदय से बारम्बार वंदन-अभिनंदन-आभार व्यक्त किया।
महिष्मती बोल बम कावड़ यात्रा संघ महेश्वर ने “सत्य मेव जयते” के उद्घोष के साथ इस सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त किया।

कुलदीप सिंह अरोरा

कुलदीप सिंह अरोरा भारत संवाद न्यूज़ के बड़वाह तहसील के संवाददाता हैं.कुलदीप सिंह अरोरा वर्तमान में भारत संवाद न्यूज़ ग्रुप के टीवी,वेब सहित भारत संवाद न्यूज़ समूह के सभी प्लेटफॉर्म्स के लिए योगदान दे रहे हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!