
रियांबड़ी में नृसिंह बासनी के निकट युवक पर नकाबपोश हमलावरों का हमला, गंभीर चोटें
थाँवला पुलिस जुटी जांच में दोषियों को जल्द पकड़ा जाएगा
नागौर, 23 जून 2025: रियांबड़ी उपखंड के ग्राम नृसिंह बासनी के समीप एक युवक महेंद्र गुर्जर 23 निवासी नृसिंह बासनी पर नकाबपोश बदमाशों द्वारा सरियों से हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना में युवक को गंभीर चोटें आई हैं। प्रकरण थांवला थाना क्षेत्र का है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पीड़ित युवक दूध लेने के लिए जा रहा था, तभी छह नकाबपोश हमलावरों ने, जो एक सफेद टाटा सफारी वाहन में सवार थे, उस पर अचानक हमला बोल दिया। हमलावरों ने सरियों से मारपीट कर युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया और 50 हजार की राशि लूटपाट कर फरार हो गए। पीड़ित ने किसी तरह अपनी जान बचाई और स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए अस्पताल पहुंचा।
घटना की सूचना मिलते ही थांवला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रकरण 307/115/2, 126,2 की धरा में दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने विभिन्न टीमें गठित कर अज्ञात आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। नागौर पुलिस ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर इसकी पुष्टि करते हुए कहा, “उक्त सूचना पर पुलिस अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। थाना थांवला पर प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है।”
स्थानीय लोगों में इस घटना से आक्रोश और दहशत का माहौल है। पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और स्थिति पर नजर रख रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
भारत संवाद /नागौर/मुरलीधर पारीक