
बरघाट में केंद्रीय विद्यालय संचालन को मिली मंजूरी,इसी सत्र से शुरू होगा स्कूल
सुशील चौहान ब्यूरो चीफ
सिवनी/भारत सरकार द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025-26 से केंद्रीय विद्यालय, बरघाट (सिवनी) में शिक्षण प्रारंभ करने की औपचारिक घोषणा कर दी गई है। यह निर्णय डॉ. ढालसिंह बिसेन जी के सतत प्रयासों का प्रतिफल है, जिन्होंने संसद में अपने कार्यकाल के दौरान इन विद्यालयों की स्वीकृति हेतु लगातार संवाद और पत्राचार किया।
केंद्रीय विद्यालय बरघाट : सिवनी जिले के लिए शिक्षा में नया अध्याय
बरघाट (जिला सिवनी) में केंद्रीय विद्यालय के संचालन की स्वीकृति एक बड़ी उपलब्धि के रूप में सामने आई है। विद्यालय का संचालन “उत्कृष्ट विद्यालय कैंपस, वार्ड क्रमांक 11, मूंडापार, बरघाट” में अस्थायी भवन से किया जाएगा। भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) को आधिकारिक रूप से स्थल सौंपा जा चुका है।
इस विद्यालय में प्रारंभिक तौर पर कक्षा 1 से 5 तक की पढ़ाई शुरू होगी। भविष्य में स्थायित्व और संसाधन उपलब्धता के अनुसार उच्च कक्षाओं की भी शुरुआत की जाएगी। इससे न केवल सिवनी जिले के विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा मिलेगी, बल्कि माता-पिता को अपने बच्चों को दूरस्थ नगरों में भेजने की बाध्यता से भी मुक्ति मिलेगी।
संसदीय कार्यकाल में डॉ. ढालसिंह बिसेन की दूरदृष्टि और प्रयास
केंद्रीय विद्यालय खोलने की दिशा में डॉ. ढालसिंह बिसेन जी ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र बालाघाट और उससे लगे सिवनी जिले के लिए केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की मांग को माननीय केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा।
उनके द्वारा किए गए लगातार संवाद, प्रतिनिधिमंडल के साथ भेंट और पत्राचार के माध्यम से यह प्रयास आज रंग लाया है। यह निर्णय न केवल शिक्षा की दिशा में प्रगति का प्रतीक है बल्कि एक राजनीतिक प्रतिबद्धता और जनसेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण भी है।