
इटावा बाल सुधार गृह का निरीक्षण, अधिकारियों ने सुविधाओं की गुणवत्ता पर दिया जोर
बच्चों की मुस्कान के लिए प्रशासन सख्त, सुधार गृह की व्यवस्थाओं पर पैनी नजर
नितिन दीक्षित, भारत संवाद, इटावा
इटावा: जनपद के जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने आज संयुक्त रूप से बाल सुधार गृह इटावा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भोजन कक्ष, शिक्षण कक्ष, चिकित्सा कक्ष एवं आवासीय परिसर का गहन अवलोकन किया।
निरीक्षण के उपरांत अधिकारियों ने बाल संरक्षण की दिशा में और अधिक सशक्त कदम उठाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी श्री शुक्ल ने कहा कि बाल सुधार गृह में रह रहे बच्चों को सुरक्षित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, समय पर चिकित्सा सुविधाएं एवं मानसिक विकास के लिए सकारात्मक गतिविधियाँ उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है।
एसएसपी श्री श्रीवास्तव ने कहा कि इन बच्चों को अपराध से दूर रखते हुए उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्टाफ को निर्देशित किया कि बच्चों के साथ स्नेहपूर्ण व्यवहार करें और उनके भविष्य निर्माण में सहयोग दें।
निरीक्षण के दौरान मौजूद अधिकारियों से दोनों उच्चाधिकारियों ने बच्चों की समस्याओं, जरूरतों और सुधार गृह की व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक भी लिया। इस अवसर पर पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी तथा कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे। अधिकारियों का यह दौरा बाल कल्याण की दिशा में एक सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।