
नितिन दीक्षित, भारत संवाद, इटावा
भरथना: थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गाँवों में खेतों में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। गेंहूं की फसल के अवशेष (डंठल) में लगी आग ने कई बीघा खेतों को अपनी चपेट में ले लिया। दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मेहनत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।
पहली घटना भरथना थाना क्षेत्र के भोली गाँव की है, जहाँ शिवा गेस्ट हाउस के पास दोपहर करीब ढाई बजे वीवी खातून के दस बीघा, सतेन्द्र के चार बीघा और राजेन्द्र सिंह के छह बीघा खेत में गेहूं के डंठलों में आग लग गई। हवा तेज होने के कारण आग तेजी से फैली, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
दूसरी घटना शाम लगभग चार बजे भरथना क्षेत्र के ही चंदेठी गाँव में घटी, जहाँ जीतेंद्र सिंह के तीस बीघा, दीवान सिंह के दो बीघा और विवेक के दो बीघा खेत में गेहूं के डंठलों में आग लग गई।
इन दोनों घटनाओं में दमकल विभाग की टीम ने सराहनीय कार्य किया। चालक सर्वेन्द्र के नेतृत्व में फायरमैन रविन्द्र सिंह, राम किशोर, ध्यानचन्द्र और शशिकांत ने लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हालांकि आग लगने से खेतों को भारी नुकसान हुआ है, मगर राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारणों की जाँच की जा रही है।प्रशासन की ओर से मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया और प्रभावित किसानों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया गया है।