
महाशिवरात्रि पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया गया शिव मन्दिरों मे उमड़ी भक्तों भीड़
सनावद / नगर में महाशिवरात्रि का पर्व भक्तिभाव एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। नगर के शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। महिलाओं ने व्रत धारण कर शिव मंदिरों में भगवान आशुतोष का सामूहिक पूजन अर्चन किया। शिव मंदिरों में भगवान भोलेनाथ की स्तुति में भजन के स्वर सुनाई देते रहे। इस अवसर पर भगवान शिव का नयनाभिराम श्रृंगार किया गया। पूरा नगर भगवान शिव की आराधना में सराबोर दिखाई दिया।
कंचन बाग स्थित प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ध्यान केंद्र में विधायक सचिन बिरला ने भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया और ध्यान केंद्र के विस्तार के लिए पांच लाख रु प्रदान करने की घोषणा की। विधायक ने ध्यान केंद्र पर शिव ध्वज फहराया तथा राष्ट्र की सुख शांति व समृद्धि की कामना की। विधायक ने प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ध्यान केंद्र के धार्मिक एवं रचनात्मक सामाजिक गतिविधियों की सराहना की और उपस्थित भक्तों को धर्म के मार्ग पर अग्रसर होकर गरीबों की सहायता करने का आव्हान किया।
राजयोग शिक्षिका ब्रह्माकुमारी उर्मिला दीदी ने कहा कि कलयुग की घोर अंधियारी रात्रि में निराकार परमात्मा भगवान शिव ने अवतरित होकर सत्य,ज्ञान एवं राजयोग के द्वारा काम,क्रोध,लोभ,मोहएवं अहंकार रूपी विकारों को नष्ट करने का ज्ञान दिया है।
नपाध्यक्ष सुनीता इंदर बिर्ला ने समीपस्थ नर्मदा तट मोरटक्का में इक्यावन हजार पार्थिव शिवलिंग तथा पुण्य सलिला मां नर्मदा का विधि विधान से पूजन-अर्चन कर क्षेत्रवासियों की सुख,शांति और समृद्धि की कामना की।
नपाध्यक्ष ने नर्मदा तट पर मौजूद शिव भक्तों को साबूदाने की खिचड़ी का वितरण किया।