
लखनऊ। गायत्री शक्तिपीठ द्वारा आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में लोक भारती इंटर कॉलेज, गीता पल्ली ,आलमबाग की छात्राओं ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए प्रथम , द्वितीय व तृतीय स्थान पर सफलता अर्जित की है। आज यहां इंडिया लिटरेसी बोर्ड हाउस में आयोजित सम्मान समारोह में विद्यालय की छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
लोक भारती इंटर कॉलेज की छात्राएं यशी शुक्ला, मोहिनी वर्मा ,अनन्या सिंह ने क्रमशः प्रथम द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। उल्लेखनीय है कि भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा का आयोजन गायत्री शक्तिपीठ द्वारा किया जाता है। जिसमें शहर के विद्यालयों के विद्यार्थी भाग लेते हैं। इस परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति के बारे में जानकारी देना और उन्हें सांस्कृतिक विरासत से जोड़े रखना है। इस परीक्षा में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को तहसील ,जिला और राज्य स्तर पर पुरस्कार दिए जाते हैं।
लोक भारती इंटर कॉलेज की प्राचार्य ममता दीक्षित ने अपने विद्यालय की छात्राओं के साथ गायत्री शक्तिपीठ द्वारा दिए गए पुरस्कार को प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस परीक्षा के जरिए बच्चों में भारतीय संस्कृति के आदर्श और जीवन मूल्य का विकास होता है। इस तरह की परीक्षाएं विद्यार्थियों के लिए होती रहनी चाहिए। इससे बच्चों में मानवीय मूल्यों और संस्कारों का विकास होता है।
परीक्षा में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए साथ ही प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को पदक गायत्री शक्तिपीठ द्वारा प्रदान किए गए।